लखनऊ को हराकर राजस्थान चौथे स्थान पर पहुंची, वैभव के बाद जुरेल का दमदार प्रदर्शनलखनऊ को हराकर राजस्थान चौथे स्थान पर पहुंची, वैभव के बाद जुरेल का दमदार प्रदर्शन

राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 220 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत तेज रही। वैभव ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार पारी खेली। राजस्थान ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 225 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत के साथ टीम की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद अभी भी बनी हुई है।

पंजाब की टीम फिसलकर पांचवें स्थान पर पहुंची

राजस्थान रॉयल्स की जीत के बाद पंजाब किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर आ गई है। अब तक तीन टीमें प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी हैं। चौथे स्थान के लिए राजस्थान, पंजाब, चेन्नई, कोलकाता और दिल्ली के बीच कड़ी टक्कर चल रही है। राजस्थान ने 13 मैचों में 7 जीत और 6 हार के साथ 14 अंक हासिल कर चौथा स्थान पा लिया है। वहीं पंजाब के 13 मैचों में 6 जीत, 6 हार और 1 मैच बेनतीजा रहा। उसके कुल 13 अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर है। प्लेऑफ की दौड़ अब और रोमांचक हो गई है।

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान को तेज शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया, जिससे लखनऊ के गेंदबाज दबाव में आ गए। हालांकि आकाश सिंह ने यशस्वी को आउट कर लखनऊ को पहली सफलता दिलाई। यशस्वी अर्धशतक से चूक गए और 23 गेंदों पर 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें उन्होंने आठ चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद वैभव ने अपनी बल्लेबाजी की गति और बढ़ा दी और 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर तेजी से रन बनाए और हर गेंदबाज पर बड़े शॉट खेले। दोनों ने मयंक यादव के एक ओवर में 29 रन बना डाले।

मोहसिन खान ने वैभव को आउट कर राजस्थान को दूसरा झटका दिया। वह शानदार फॉर्म में थे और शतक के करीब पहुंच चुके थे, लेकिन कैच आउट हो गए। वैभव ने 38 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 10 छक्के शामिल थे। उनकी और जुरेल की साझेदारी 45 गेंदों में 105 रन की रही।

जुरेल अंत तक नाबाद रहे

वैभव के आउट होने के बाद लुहान ड्रि प्रिटोरियस रन आउट हो गए, लेकिन ध्रुव जुरेल ने अंत तक टीम को संभाले रखा। जुरेल ने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस सीजन उनका पांचवां पचासा था। वह अंत तक नाबाद रहे और राजस्थान को जीत दिलाई। उन्होंने 38 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। डोनोवान फरेरा ने भी तेज खेल दिखाया और 10 गेंदों में 16 रन बनाए। राजस्थान की ओर से यशस्वी ने 43 रन और लुहान ने 7 रन बनाए। लखनऊ के आकाश और मोहसिन को एक-एक विकेट मिला।

वैभव बने आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से आईपीएल में नया रिकॉर्ड बना दिया है। वह एक सीजन में 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस सीजन में उन्होंने अब तक 53 छक्के लगाए हैं। इस मामले में उन्होंने आंद्रे रसेल को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने 2019 में 52 छक्के लगाए थे। इस सूची में सबसे ऊपर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे। वैभव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।

मार्श शतक से चूक गए

इंग्लिस के आउट होने के बाद भी मार्श ने रन गति कम नहीं होने दी। उनकी पारी का सबसे बेहतरीन शॉट एक्स्ट्रा कवर के ऊपर लगाया गया छक्का था, जिसमें ताकत और सही टाइमिंग देखने को मिली। मार्श ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 5 छक्के लगाए। इस सीजन में यह तीसरी बार है जब उन्होंने 90 से ज्यादा रन बनाए हैं।

मार्श ने कप्तान ऋषभ पंत के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन पंत 23 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हो गए। मार्श अंत में शतक से चूक गए और आखिरी ओवर में तेज रन लेने के प्रयास में आउट हो गए। उन्होंने 57 गेंदों पर 96 रन बनाए। लखनऊ के लिए निकोलस पूरन 16 रन और आयुष बदोनी बिना खाता खोले आउट हुए। राजस्थान के लिए यश राज पुंजा ने 2 विकेट लिए और जोफ्रा आर्चर को 1 विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *