Govinda और उनकी पत्नी Sunita Ahuja हाल ही में अपने सार्वजनिक बयानबाज़ी को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों के रिश्ते में अनबन की अटकलों ने तब और जोर पकड़ लिया जब तलाक की खबरें सामने आईं और गोविंदा के कथित विवाहेतर संबंधों की अफवाहें फैलने लगीं। हाल ही में सुनिता आहूजा ने कहा था कि वह गोविंदा को उनके कथित कई रोमांटिक संबंधों के लिए कभी माफ नहीं करेंगी। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए गोविंदा ने इन्हें सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि सुनिता को एक “बड़ी साजिश” के तहत इस्तेमाल किया जा रहा है। ANI को दिए एक इंटरव्यू में गोविंदा ने कहा,“मैंने यह महसूस किया है कि जब हम चुप रहते हैं, तो लोग हमें या तो कमजोर समझ लेते हैं या फिर यह मान लेते हैं कि गलती हमारी ही है।” उन्होंने आगे कहा,“इसीलिए आज मैं बोल रहा हूं। मुझे बताया गया कि मेरे परिवार के कुछ सदस्य अनजाने में इसमें शामिल हो सकते हैं और उन्हें शायद यह एहसास नहीं है कि शुरुआती दौर में उनका इस्तेमाल एक बड़ी साजिश के तहत किया जा रहा है। लेकिन वह (सुनिता) शायद कभी कल्पना भी नहीं कर सकतीं कि खुद उन्हें ही अनजाने में इस साजिश का हिस्सा बना दिया गया है और उन्हें ही ओपनिंग बल्लेबाज की तरह आगे कर दिया गया है।” गोविंदा के इस बयान के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। हालांकि, दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर अंतिम स्थिति पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।