बलिया जिले के रेवती कस्बे में सब्जी बेचने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें वार्ड नंबर 6 निवासी धनजी तुरहा की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार रविवार रात रेवती स्थित बीज गोदाम के पास सब्जी बेचने को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान धनजी तुरहा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मौत हो गई।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शाम के समय धनजी तुरहा का शव उनके घर पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ समय के लिए इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। सीओ बैरिया फहीम कुरेशी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह, दोकटी थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी और चाइल्ड थाना के राजेश बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।

 

सीओ फहीम कुरेशी ने बताया कि मामले में चार लोगों को नामजद किया गया है। इनमें से मीना देवी उर्फ कुदुरनी देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य आरोपी सुनील तुरहा, अमरनाथ साहनी आदि की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

बाद में समाजसेवी राणा योगेंद्र विक्रम उर्फ मांडलू सिंह के समझाने पर करीब आधे घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। इस दौरान सुशील श्रीवास्तव, सभासद अजय वर्मा और सपा नेता प्रमोद उपाध्याय समेत कई स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *