अगर आप अक्सर ट्रेन से यात्रा करते हैं, तो भारतीय रेलवे का यह नया फैसला आपके लिए राहत भरा साबित हो सकता है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने चार्ट तैयार करने के समय में बड़ा बदलाव किया है और साथ ही टिकट बुकिंग सिस्टम को भी ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाया है। चार्ट बनाने के समय में बड़ा बदलाव अब तक ट्रेन का रिजर्वेशन चार्ट यात्रा से लगभग 4 घंटे पहले तैयार होता था, जिससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को अंतिम समय तक अनिश्चितता बनी रहती थी। लेकिन नए नियम के तहत चार्ट अब 9 से 18 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। इस बदलाव से यात्रियों को अपनी यात्रा की स्थिति पहले ही स्पष्ट हो जाएगी। अगर टिकट कन्फर्म नहीं होती है, तो वे समय रहते वैकल्पिक यात्रा का इंतजाम कर सकेंगे, जिससे अंतिम समय की परेशानी से बचा जा सकेगा। टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं में सुधार रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए करीब 3 करोड़ फर्जी अकाउंट हटा दिए हैं, जिससे दलालों की गतिविधियों पर रोक लगी है। अब तत्काल टिकट बुकिंग में आधार आधारित ओटीपी अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे टिकट की जमाखोरी कम होगी। इसके अलावा, ई-टिकट कैंसिलेशन पर टीडीआर की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑटोमेटिक कर दिया गया है और रिफंड सीधे खाते में आएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए अब वे ट्रेन छूटने से 30 मिनट पहले तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकते हैं। साथ ही, काउंटर टिकट वाले यात्री भी चार्ट बनने के बाद 30 मिनट पहले तक अपनी ट्रैवल क्लास अपग्रेड करवा सकते हैं। ये सभी बदलाव यात्रियों के सफर को अधिक आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। Post navigation आतंकियों के निशाने पर कई बार आए फारूक अब्दुल्ला, IED धमाके से भी बच निकले