‘केडी द डेविल’ डायरेक्टर का बड़ा बयान: ‘सरके चुनर’ विवाद छोटा, देश में LPG बड़ी समस्या

कन्नड़ फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस गाने के रिलीज होते ही इसके बोलों पर अश्लीलता के आरोप लगे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जमकर विरोध किया और एक्ट्रेस नोरा फतेही को भी आलोचना का सामना करना पड़ा। बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने भी हस्तक्षेप किया और निर्देश दिए जाने के बाद गाने को सभी प्लेटफॉर्म्स से हटा लिया गया।

विवाद पर डायरेक्टर प्रेम का बयान

अब इस पूरे मामले पर फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस विवाद को ‘छोटा-सा मुद्दा’ बताते हुए कहा कि इसे बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक, फिल्म एक इमोशनल प्रोजेक्ट है और यह गाना सिर्फ मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी तरह की कॉन्ट्रोवर्सी नहीं चाहते।

हिंदी लिरिक्स को लेकर दी सफाई

प्रेम ने खुलासा किया कि गाने का कन्नड़ वर्जन उन्होंने खुद लिखा है, जबकि हिंदी वर्जन का ट्रांसलेशन रकीब आलम से करवाया गया था। उन्होंने माना कि उन्हें हिंदी लिरिक्स की पूरी समझ नहीं थी, जिस वजह से विवाद खड़ा हुआ। उनका कहना है कि कन्नड़ वर्जन को दर्शकों ने पसंद किया और उस पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर गाने के बोल से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं।

‘बड़े मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए’

डायरेक्टर प्रेम ने यह भी कहा कि एक गाने को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा करना सही नहीं है, जबकि दुनिया में इससे कहीं बड़े मुद्दे मौजूद हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि देश में LPG गैस की समस्या और युद्ध जैसे गंभीर विषय हैं, जिन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने जानकारी दी कि विवादित लाइनों में बदलाव कर दिया गया है और अपडेटेड वर्जन सेंसर बोर्ड को भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *