शुक्रवार को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच क्वालिफायर-2 का अहम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद निर्णायक है, क्योंकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा। गुजरात को क्वालिफायर-1 में शिकस्त झेलनी पड़ी थी, वहीं राजस्थान ने एलिमिनेटर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दमदार जीत हासिल की। अब इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से भिड़ेगी। क्या गुजरात के गेंदबाज वैभव पर लगा पाएंगे ब्रेक? इस आईपीएल सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से हर गेंदबाज को परेशान किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनकी विस्फोटक पारी ने गुजरात की टेंशन जरूर बढ़ा दी होगी। आरसीबी के खिलाफ गुजरात की गेंदबाजी कमजोर नजर आई थी, ऐसे में वैभव को जल्दी रोकना उनके लिए आसान नहीं रहने वाला। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत में मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट बॉल पर सूर्यवंशी का विकेट जरूर लिया था, लेकिन उससे पहले वैभव उनके खिलाफ बड़ा छक्का भी जड़ चुके थे। कगिसो रबाडा जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज भी वैभव के आक्रमण से नहीं बच पाए थे। महज 15 साल के इस बल्लेबाज ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों पर 97 रन की तूफानी पारी खेली थी। राजस्थान की उम्मीदें फिर वैभव पर टिकीं बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही इस पिच पर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर आक्रामक अंदाज में नजर आ सकते हैं। वह किसी भी गेंदबाज की प्रतिष्ठा से प्रभावित नहीं होते और यही वजह है कि जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक के खिलाफ बड़े शॉट खेल चुके हैं। हालांकि कुछ मुकाबलों में शॉर्ट गेंद उनकी कमजोरी साबित हुई है और गुजरात के गेंदबाज इसी रणनीति पर काम कर सकते हैं। राजस्थान रॉयल्स की कामयाबी में वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की अहम भूमिका रही है। वैभव की शानदार बल्लेबाजी के चलते यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन थोड़ा फीका पड़ गया है। वहीं ध्रुव जुरेल ने तीसरे नंबर पर उपयोगी पारियां खेली हैं। ऐसे में राजस्थान की प्लेइंग-11 में बदलाव की संभावना काफी कम नजर आ रही है। गुजरात के टॉप ऑर्डर पर होगी बड़ी जिम्मेदारी वहीं गुजरात टाइटंस के पास एक और आईपीएल फाइनल में जगह बनाने का सुनहरा मौका है। टीम की बल्लेबाजी काफी हद तक शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर की तिकड़ी पर टिकी हुई है। यदि ये तीनों जल्दी आउट हो जाते हैं तो बड़े स्कोर तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। खासकर अगर राजस्थान 250 से ज्यादा रन बना देता है तो दबाव साफ तौर पर गिल और सुदर्शन पर आ जाएगा। साई सुदर्शन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन वह शुरुआत से ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी नहीं माने जाते। गुजरात की गेंदबाजी टीम की सबसे बड़ी ताकत रही है, हालांकि धर्मशाला में आरसीबी के खिलाफ डैथ ओवरों में गेंदबाज असरदार साबित नहीं हुए थे, जहां रजत पाटीदार ने शानदार बल्लेबाजी की थी। इसके अलावा गुजरात को अपनी फील्डिंग में भी सुधार करने की जरूरत होगी। पिछले मुकाबले में राहुल तेवतिया का फॉर्म टीम के लिए सकारात्मक संकेत रहा। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे तेवतिया ने उस मैच में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। अब देखना होगा कि गुजरात इस अहम मुकाबले में प्लेइंग-11 में कोई बदलाव करती है या नहीं। क्वालिफायर-2 में ऐसी हो सकती है दोनों टीमों की प्लेइंग-11 राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवान फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, यश राज पुंजा। गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिद्धू, जेसन होल्डर, राशिद खान, कुलवंत खेजरोलिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। Post navigation RR vs SRH: आईपीएल का सबसे तेज शतक लगाने से कैसे चूके वैभव सूर्यवंशी? मैच के बाद खुद बताई वजह