भारतीय महिला टीम रविवार से आईसीसी टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी। ग्रुप-1 के अपने पहले मुकाबले में उसका सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा चर्चा का विषय रहता है, लेकिन विश्व कप में भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम इस मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना चाहेगी। टीम की कोशिश होगी कि वह अपनी ताकत के अनुरूप खेल दिखाते हुए किसी भी तरह की चूक से बचे और आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट में आगे बढ़े। हेड टू हेड में भारतीय टीम का शानदार रिकॉर्ड भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 में अब तक 16 मुकाबले खेले गए हैं। भारतीय महिला टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है तो वहीं पाकिस्तान ने तीन मैच जीते हैं। अगर टी20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की बात करें तो दोनों के बीच आठ बार भिड़ंत हुई है। भारत ने छह मौकों पर जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान दो ही मैच जीत सका है। भारत और पाकिस्तान के बीच 2024 टी20 विश्व कप में भी मैच खेला गया था जिसमें भारतीय महिला टीम ने छह विकेट से जीता था मंधाना-शेफाली से मजबूत शुरुआत की उम्मीद हर विभाग में संतुलित भारतीय टीम को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा से मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी में 82 रन की पारी खेलने के बाद मंधाना के पिछले छह मैचों के स्कोर 13, 12, 37, 0, 32 और 8 रहे हैं। वहीं शेफाली वर्मा ने जोहान्सबर्ग में 64 रन बनाने के बाद अगले पांच मैचों में 9, 4, 2, 22 और 11 रन बनाए हैं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाकर अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं, जो मध्यक्रम के लिए सकारात्मक बात है। जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष और भारती फुलमाली पर भी टीम की रन बनाने की जिम्मेदारी रहेगी। माना जा रहा है कि भारत इस मैच के लिए भारती फुलमाली को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सकता है। मजबूत ओपनिंग से मजबूत होगा भारतीय टीम का आत्मविश्वास पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम की नजरें लगातार दूसरे आईसीसी खिताब पर लगी हुई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है और टीम इस प्रदर्शन को आगे भी जारी रखना चाहेगी। अगर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज करता है तो उसका आत्मविश्वास और मनोबल और बढ़ जाएगा। भारतीय टीम को कठिन ग्रुप में रखा गया है, जहां ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें भी शामिल हैं। टीम के लिए सकारात्मक पहलू यह है कि पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम की अधिकांश खिलाड़ी इस टी20 विश्व कप स्क्वाड का हिस्सा हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव की संभावना कम ही नजर आती है। भारत और पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग-11 भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह। पाकिस्तान: मुनीबा अली (विकेटकीपर), गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, फातिमा सना (कप्तान), इराम जावेद, नतालिया परवेज, तुबा हसन, डियाना बेग, नाशरा संधू, सादिया इकबाल। Post navigation आयरलैंड-इंग्लैंड टूर: क्या वैभव के साथ जाएंगे माता-पिता? BCCI का रुख साफ होगा