Bihar Politics: शपथ ग्रहण के बाद नेताओं की दौड़-भाग, शाम में सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल की बैठकBihar Politics: शपथ ग्रहण के बाद नेताओं की दौड़-भाग, शाम में सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल की बैठक

बिहार की राजधानी पटना में आज दोपहर बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज होने वाली हैं। शाम पांच बजे निर्धारित बिहार मंत्रिमंडल की बैठक से पहले राज्य विधान परिषद में निर्विरोध निर्वाचित 10 नए सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।

शाम चार बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्य, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ-साथ विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की आवाजाही रहने की संभावना है।

विधान परिषद में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंत्रिमंडल के सदस्य मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट कक्ष पहुंचेंगे, जहां बिहार कैबिनेट की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत फैसलों पर मुहर लगाई जा सकती है।

क्या पटना मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पर भी होगा फैसला?

बिहार कैबिनेट की बैठक में रोजगार सृजन और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृतियों पर निर्णय लिया जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, ‘डॉक्टर्स डे’ के अवसर पर चिकित्सा जगत की निगाहें भी इस बैठक पर टिकी हुई हैं।

हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पीएमसीएच के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर पटना मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन प्राचार्य डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह का तबादला कर दिया था। इस फैसले का विरोध करते हुए डॉ. सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके झुलसने की स्थिति और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों की जानकारी लिए बिना उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

दूसरी ओर, सरकारी जांच में यह सामने आया था कि स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण के समय डॉ. सिंह अपने निजी क्लिनिक में मरीजों को देख रहे थे। जांच में यह भी पाया गया कि शाम के समय के लिए भी उनके यहां मरीजों की बुकिंग जारी थी।

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पद छोड़ने से पहले सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस पर रोक लगाने की घोषणा की थी। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री का पद संभालते ही निशांत कुमार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की थी।

ऐसे में चिकित्सक समुदाय की नजरें अब कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि यदि सरकार इस मुद्दे पर कोई कड़ा फैसला लेती है, तो इसका व्यापक संदेश पूरे स्वास्थ्य तंत्र तक जाएगा।

बिहार कैबिनेट की बैठक आज शाम 5 बजे, समय में बदलाव की भी संभावना

बिहार कैबिनेट की बैठक शाम पांच बजे निर्धारित की गई है। इससे पहले शाम चार बजे बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। यदि सभी 10 सदस्य तय समय पर पहुंचकर एक साथ शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर लेते हैं, तो मंत्रिमंडल की बैठक भी निर्धारित समय पर शुरू होने की संभावना रहेगी।

भोजपुरी अभिनेता और नव-निर्वाचित सदस्य पवन सिंह के समय पर पहुंचने को लेकर विशेष चर्चा है। नामांकन के दौरान वह निर्धारित समय से देर से पहुंचे थे, जिसके कारण वरिष्ठ नेताओं को उनका इंतजार करना पड़ा था। इसके अलावा, निर्वाचन प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए भी वह स्वयं उपस्थित नहीं हुए थे।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए इस बार उन्हें कार्यक्रम स्थल पर समय से पहले पहुंचने की विशेष सलाह दी गई है। शपथ ग्रहण समारोह समाप्त होने के बाद बिहार कैबिनेट की बैठक से जुड़ी हर अहम जानकारी और फैसलों के अपडेट सामने आते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *