बिहार को आज अपना नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। 20 साल से मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज सुबह 11 बजे कैबिनेट बैठक करेंगे, जिसमें कई अहम फैसलों को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद वे जनता दल यूनाइटेड के विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इसी दौरान भारतीय जनता पार्टी की भी विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद नीतीश कुमार राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस्तीफे के बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। आज का दिन बिहार की राजनीति के लिए बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस्तीफे के बाद केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान की देखरेख में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक होगी। इस बैठक में बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी। बताया जा रहा है कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही मुख्यमंत्री का नाम तय कर लिया है। आज दिल्ली से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार पहुंचेंगे। दोनों नेता एनडीए विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद नया मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा और नई सरकार का गठन होगा। नई सरकार कैसी होगी? सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। यह बैठक उनके आवास पर ही हुई, जिसमें जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, ललन सिंह, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी, श्रवण कुमार और जमा खान मौजूद थे। सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की। इसमें 14 अप्रैल को होने वाली एनडीए विधायक दल की बैठक, जदयू कोटे से बनने वाले मंत्रियों और निशांत कुमार के नाम पर बातचीत हुई। बैठक के बाद ललन सिंह और संजय झा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास पर मिलने गए। यह बैठक करीब 35 मिनट चली। सूत्रों के अनुसार, जदयू ने डिप्टी सीएम और मंत्रियों की सूची सम्राट चौधरी को सौंप दी है। नई सरकार में जदयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की संभावना है, जिसमें निशांत कुमार का नाम भी चर्चा में है। बाकी मौजूदा मंत्रियों को दोबारा शामिल किया जा सकता है। भाजपा, लोजपा (राम), हम और रालोमो के मंत्रियों को भी फिर से मौका मिलने की संभावना है। शपथ समारोह की तारीख 15 अप्रैल फाइनल बिहार को 15 अप्रैल को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। सुबह 11 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और कुल 21 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इस बार पहली बार भाजपा को बड़ी भूमिका मिलने की संभावना है। नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। हाल के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए उनके नाम पर मुहर लग सकती है। सोमवार शाम को सम्राट चौधरी के आवास पर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है, जिससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। Post navigation Telangana से Delhi तक चर्चा: नशे में डॉक्टर ने BMW की नंबर प्लेट सेकंडों में पलटी, वीडियो वायरल Saudi Arabia ने US पर डाला दबाव, Iran Port Blockade Plan छोड़ने की मांग: Report