सपा में बगावत! राष्ट्रीय सचिव समेत 30 पदाधिकारी OP राजभर की पार्टी में शामिल

सपा में बगावत : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने अपना संगठन विस्तार अभियान और तेज कर दिया है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी और बुनकर मजदूर विकास समिति से जुड़े करीब 30 पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों और कार्यकर्ताओं ने सुभासपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता Arun Rajbhar की मौजूदगी में सभी को पार्टी में शामिल कराया गया। इस घटनाक्रम को चुनाव से पहले सपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव समेत कई बड़े चेहरे शामिल

सुभासपा में शामिल होने वालों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जावेद आलम प्रमुख रहे। इसके अलावा बुनकर मजदूर विकास समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन अंसारी, डॉ. मोहम्मद नाजिम अंसारी, ताजुद्दीन अंसारी और खालिद सैफी सहित कई पदाधिकारी शामिल हुए। विभिन्न जिलों—दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, शाहदरा, प्रतापगढ़, अमरोहा और लखनऊ—से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी का दामन थामा। सुभासपा का कहना है कि इससे पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और संगठन मजबूत हो रहा है।

अखिलेश यादव पर राजभर का तीखा हमला

कार्यक्रम के दौरान अरुण राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष Akhilesh Yadav पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सपा के ‘पीडीए’ नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह नारा राजनीतिक जरूरत के हिसाब से बदलता रहता है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि ‘पीडीए’ का मतलब “पार्टी ऑफ डिंपल एंड अखिलेश” हो गया है। राजभर ने दावा किया कि सुभासपा लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले चुनाव में इसका असर साफ देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *