TVK बहुमत से दूर, विजय के शपथ ग्रहण पर सस्पेंस बरकरारTVK बहुमत से दूर, विजय के शपथ ग्रहण पर सस्पेंस बरकरार

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर जारी अनिश्चितता शुक्रवार को और बढ़ गई। अभिनेता से राजनेता बने तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी जोसेफ विजय का मुख्यमंत्री बनना फिलहाल टल गया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को सरकार गठन के लिए आमंत्रित करने से मना कर दिया। उनका कहना है कि 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK के पास बहुमत साबित करने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं है।

विजय ने तीसरी बार राजभवन का रुख किया

राजनीतिक असमंजस के बीच विजय शुक्रवार शाम चेन्नई स्थित राजभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार गठन का दावा पेश किया। इस दौरान विजय ने कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और माकपा (सीपीआईएम) के समर्थन पत्र सौंपे। वहीं, अहम सहयोगी माने जा रहे वीसीके और आईयूएमएल की ओर से अब तक लिखित समर्थन नहीं मिला है। राजभवन सूत्रों के मुताबिक, स्पष्ट बहुमत के दस्तावेजी प्रमाण के बिना शपथ ग्रहण कराना संभव नहीं होगा।

लापता विधायकों के बीच खरीद-फरोख्त के आरोप तेज

इसी दौरान एएमएमके नेता टीटीवी दिनकरण ने बड़ा दावा करते हुए हलचल मचा दी। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पार्टी के इकलौते विधायक कामराज गायब हैं। दिनकरण ने आरोप लगाया कि टीवीके विधायकों को अपने पक्ष में करने के लिए खरीद-फरोख्त में जुटी हुई है। उनके मुताबिक, कामराज पुदुचेरी में एआईएडीएमके विधायकों के साथ मौजूद थे, लेकिन अब उनका मोबाइल बंद आ रहा है और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

विजय के साथ राजभवन पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में एन आनंद और केए सेंगोट्टायन जैसे अनुभवी नेता शामिल थे। फिल्म निर्माता वेंकट के नारायण भी उनके साथ नजर आए। हालांकि शुक्रवार को हुई यह मुलाकात पहले की बैठकों की तुलना में ज्यादा सकारात्मक माहौल में हुई, फिर भी राज्य में राजनीतिक और संवैधानिक अनिश्चितता बनी हुई है। उधर, एआईएडीएमके ने भी सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है, जिसके चलते तमिलनाडु की राजनीति में आने वाले 24 घंटे काफी अहम माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *