प्रधानमंत्री मोदी पर विवादित बयान पड़ा भारी, सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पर मुकदमा

प्रधानमंत्री मोदी : उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस वक्त नया विवाद खड़ा हो गया जब समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। भाजपा नेता सत्येंद्र गुप्ता की शिकायत पर महोबा के कोतवाली नगर थाने में यह एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने सांसद के साथ-साथ उनके कुछ अज्ञात समर्थकों को भी मामले में नामजद किया है। इस घटना के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया कि सपा सांसद ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई। मामले को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन भी किया। इसके बाद जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 132, 189(2), 352 और 196(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बयान से जुड़े वीडियो व अन्य साक्ष्य भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं, सपा की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला

इस विवाद के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं का “ब्रेन वॉश” करने में माहिर हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि उनके संपर्क में आने के बाद लोग गाली देना और हिंसक भाषा का इस्तेमाल करना सीख जाते हैं।

ओपी राजभर ने यहां तक कहा कि सपा सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द दरअसल अखिलेश यादव की सोच को दर्शाते हैं। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति और ज्यादा गरमा गई है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की राजनीतिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *