सनराइजर्स के खिलाफ मैच से पहले आरसीबी को बड़ी खुशखबरी, रजत पाटीदार फिट घोषितसनराइजर्स के खिलाफ मैच से पहले आरसीबी को बड़ी खुशखबरी, रजत पाटीदार फिट घोषित

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने शुक्रवार को यानि आज सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले लीग मैच से पहले कप्तान रजत पाटीदार की फिटनेस को लेकर बड़ी अपडेट दी। रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान रजत के सिर में चोट लगी थी। इसी कारण वह धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल सके थे।

एसआरएच मुकाबले से पहले बोबाट ने कहा, रजत अब पूरी तरह फिट हैं। हमने उनकी चोट को लेकर काफी सावधानी बरती और किसी तरह का जोखिम नहीं लिया। हमारा मानना था कि उन्हें रिकवरी और आराम के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय देना सही रहेगा। अब वह टीम के साथ हैं, अभ्यास कर रहे हैं और मैच खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

भुवनेश्वर कुमार के दमदार प्रदर्शन पर बोबाट का बड़ा बयान

13 मैचों में 24 विकेट लेकर फिलहाल पर्पल कैप पर कब्जा जमाए हुएरॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की मो बोबाट ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर का प्रदर्शन पूरे सीजन में बेहद प्रभावशाली रहा है। उनके आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने सिर्फ लगातार विकेट ही नहीं चटकाए, बल्कि शानदार नियंत्रण और लय के साथ गेंदबाजी भी की है। वह पारी के शुरुआती ओवरों के साथ-साथ डेथ ओवरों में भी काफी असरदार साबित हुए हैं। टीम उनके प्रदर्शन से काफी संतुष्ट है।

बोबाट ने आगे कहा, भुवनेश्वर टीम मीटिंग्स में भी अहम भूमिका निभाते हैं। मुश्किल परिस्थितियों में उनकी समझ, अनुभव और सुझाव टीम के लिए काफी उपयोगी साबित होते हैं। मैदान पर उनकी मौजूदगी खिलाड़ियों को आत्मविश्वास देती है। वह कप्तान रजत पाटीदार और जितेश शर्मा के लिए भी मजबूत सहारा हैं। हमें उनसे हर पहलू में फायदा मिलता है क्योंकि वह हमेशा टीम के लिए अपना शत-प्रतिशत योगदान देते हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले को लेकर बोबाट ने कहा कि इस टूर्नामेंट में हर टीम मजबूत है। सभी टीमों के पास मैच जिताने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं और कोई भी खिलाड़ी अकेले दम पर मुकाबले का रुख बदल सकता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी टीम का सम्मान करना जरूरी है, साथ ही अपनी क्षमताओं और रणनीति को लेकर भी पूरी स्पष्टता बनाए रखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *