IPL 2026: धर्मशाला बनेगा तीन मैचों का मेजबान, 11 मई से शुरुआत

धौलाधार पर्वतमाला की गोद में स्थित धर्मशाला को इस बार आईपीएल के तीन मुकाबलों की मेजबानी मिली है। गुरुवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल के 19वें संस्करण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया। इसके अनुसार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 11, 14 और 17 मई को मैच आयोजित होंगे। पंजाब किंग्स अपने दूसरे घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला करेगी। तय कार्यक्रम के तहत पहला मैच 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

पंजाब किंग्स का धर्मशाला में दमदार शेड्यूल, मुंबई-आरसीबी से होगी भिड़ंत

14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। टीम अपना तीसरा और अंतिम मैच 17 मई को दोपहर 3:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगी। ये तीनों मैच लीग चरण के आखिरी मुकाबले होंगे, जिनमें सभी टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए पूरा जोर लगाएंगी। धर्मशाला की तेज और उछालभरी पिच पर ये मुकाबले काफी अहम माने जा रहे हैं। 14 जून को यहां भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे भी खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले आईपीएल मैचों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।

14 मैचों का आयोजन पूरा, सभी सफल रहे

धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 14 मुकाबले सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। यह मैदान हमेशा से बड़े मैचों के लिए जाना जाता रहा है। पिछले वर्ष भी यहां तीन मैच निर्धारित थे, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के कारण एक मुकाबला बीच में ही रद्द करना पड़ा। बाद में उस मैच को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बावजूद धर्मशाला ने हर बार बेहतरीन आयोजन और शानदार माहौल से क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *