KKR vs SRH: हैदराबाद की वापसी, कोलकाता की लगातार दूसरी हारKKR vs SRH: हैदराबाद की वापसी, कोलकाता की लगातार दूसरी हार

हेनरिक क्लासेन (52), अभिषेक शर्मा (48) और ट्रेविस हेड (46) की तेज पारियों के बाद शानदार गेंदबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके घर में 65 रन से हरा दिया। गुरुवार को ईडेन गार्डन्स में खेले गए मैच में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन पर ही ऑलआउट हो गई। कोलकाता के लिए अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। वहीं हैदराबाद की ओर से जयदेव उनादकट ने 3 विकेट लिए, जबकि ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी को 2-2 विकेट मिले। हर्ष दुबे ने 1 विकेट लिया।

केकेआर की लगातार दूसरी हार

केकेआर 2012 के बाद पहली बार सीजन के अपने शुरुआती दो मैच हार गई है। इससे पहले उसे पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने हराया था। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की कोलकाता के खिलाफ 2020 के बाद 14 मैचों में यह सिर्फ चौथी जीत है। अगर ईडेन गार्डन्स की बात करें, तो यहां खेले गए 12 आईपीएल मैचों में भी हैदराबाद की यह चौथी जीत है। यानि, कोलकाता के खिलाफ और उनके मैदान पर हैदराबाद की जीत का रिकॉर्ड ज्यादा मजबूत नहीं रहा है, लेकिन इस मैच में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

रघुवंशी का दूसरा लगातार अर्धशतक, फिर भी केकेआर को हार

227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की बल्लेबाजी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 1.3 ओवर में 30 रन जोड़े। एलन ने सिर्फ 7 गेंदों में 28 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल थे। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने रहाणे के साथ दूसरे विकेट के लिए 21 गेंदों में 37 रन की साझेदारी की। रहाणे सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। रघुवंशी ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। रिंकू ने 35 रन बनाए, जबकि रघुवंशी ने 29 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके थे। हालांकि उनकी इस पारी के बावजूद टीम जीत नहीं सकी। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है, इससे पहले उन्होंने मुंबई के खिलाफ भी 50+ रन बनाए थे।

हैदराबाद की शानदार बल्लेबाजी

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 5.4 ओवर में 82 रन जोड़े। हेड ने 21 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके थे। वहीं, अभिषेक ने 21 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल थे। ओपनिंग जोड़ी के आउट होने के बाद टीम ने जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए और 9.2 ओवर में स्कोर 118/4 हो गया। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने पारी संभाली। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53 गेंदों में 82 रन जोड़े और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया।
क्लासेन ने 35 गेंदों में 52 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 39 रन जोड़े। दूसरी ओर, विपक्षी टीम से ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट लिए। वैभव अरोड़ा को 2 विकेट मिले, जबकि कार्तिक त्यागी और अनुकूल रॉय को 1-1 सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *