लखनऊ सुपर जाइंट्स के गेंदबाजों ने आकाश सिंह की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद मिशेल मार्श और जोश इंगलिस की बेहतरीन शतकीय साझेदारी की बदौलत लखनऊ ने चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से शिकस्त दी। शुक्रवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की टीम नेकार्तिक शर्मा की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 187 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने 16.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। 17वें ओवर में निकोलस पूरन ने लगातार चार गेंदों पर चार छक्के जड़ते हुए टीम को शानदार जीत दिलाई। चेन्नई की चाल पर लखनऊ का वार इस हार से चेन्नई की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा नुकसान हुआ है। टीम अब अंक तालिका में छठे नंबर पर आ गई है। चेन्नई के पास 12 अंक हैं और उसका नेट रन रेट 0.027 रह गया है। दूसरी ओर, लखनऊ की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी थी। इस जीत के बाद वह तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गई। फिलहाल टॉप-4 में आरसीबी, गुजरात, हैदराबाद और पंजाब की टीमें बनी हुई हैं। अब चेन्नई के लिए आगे के मुकाबले काफी अहम हो गए हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अच्छे प्रदर्शन की जरूरत होगी। ऐसी रही चेन्नई की इनिंग पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई की शुरुआत खराब रही। टीम ने 7.2 ओवर में 52 रन तक अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। सैमसन 20 रन, गायकवाड़ नौ रन और उर्विल पटेल छह रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। कार्तिक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। यह उनके सीजन का दूसरा अर्धशतक रहा। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाए, लेकिन अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिर में शिवम दुबे और प्रशांत वीर ने तेज बल्लेबाजी की। दोनों ने अंतिम 24 गेंदों में 45 रन जोड़कर टीम का स्कोर 187 रन तक पहुंचाया। दुबे ने आखिरी ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाए। उन्होंने 16 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जबकि प्रशांत वीर 13 रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ की ओर से आकाश महाराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद शमी और शहबाज अहमद को एक-एक विकेट मिला। Post navigation Mumbai Indians ने बताया क्यों लगातार टीम से बाहर हैं Hardik Pandya IPL 2026: लगातार छह हार के बाद पंजाब किंग्स संकट में, सुर्खियों में प्रीति जिंटा और श्रेयस अय्यर की अहम चर्चा