FIFA WC 2026: शुभमन गिल पर चढ़ा फुटबॉल का रंग, US में रोनाल्डिन्हो संग आए नजरFIFA WC 2026: शुभमन गिल पर चढ़ा फुटबॉल का रंग, US में रोनाल्डिन्हो संग आए नजर

भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अमेरिका में ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो से मुलाकात की। यह खास मुलाकात अमेरिका में आयोजित हो रहे फीफा विश्व कप 2026 के दौरान हुई, जिसकी संयुक्त मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं। शुभमन गिल ने इस मुलाकात की तस्वीर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की, जिसमें वह 2002 फीफा विश्व कप विजेता रोनाल्डिन्हो के साथ दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर सामने आते ही क्रिकेट और फुटबॉल प्रशंसकों के बीच इसे लेकर काफी उत्साह और चर्चा देखने को मिली।

बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं शुभमन गिल

शुभमन गिल ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारत ने तीन मैचों की इस सीरीज को 3-0 से अपने नाम किया और कप्तान के रूप में यह गिल की पहली वनडे सीरीज जीत रही। गिल ने दो पारियों में कुल 232 रन बनाए, जिसमें उनकी 154 रन की बेहतरीन पारी भी शामिल थी। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान गिल ने वनडे क्रिकेट में अपने 3,000 रन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7,000 रन भी पूरे किए।

एक बार फिर मैदान में दिख सकते हैं रोनाल्डिन्हो, वापसी की चर्चाएं तेज

दूसरी तरफ, ब्राजील के महान फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो एक बार फिर चर्चा में बने हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 46 वर्षीय रोनाल्डिन्हो ने इटली के सीरी-सी क्लब रावेना के साथ समझौता किया है। शुरुआत में क्लब प्रबंधन ने स्पष्ट किया था कि उनकी जिम्मेदारी केवल मार्केटिंग और प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियों तक सीमित रहेगी। हालांकि, बाद में क्लब के उपाध्यक्ष अरिएदो ब्राइडा ने उनके मैदान पर वापसी की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया। उन्होंने कहा, रोनाल्डिन्हो एक महान और कालजयी खिलाड़ी हैं। उनका रावेना के साथ जुड़ना हमारे क्लब के लिए गर्व की बात है। क्या वह दोबारा मैदान पर उतरेंगे? इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है, लेकिन इस संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *