KKR vs RCB: विराट कोहली का रिकॉर्ड शतक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनी नंबर-1KKR vs RCB: विराट कोहली का रिकॉर्ड शतक, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनी नंबर-1

विराट कोहली के शानदार शतक की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हरा दिया। बुधवार को रायपुर में बारिश की वजह से मैच करीब एक घंटे देरी से शुरू हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 192 रन बनाए। टीम की ओर से अंगकृष रघुवंशी ने शानदार अर्धशतक लगाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर 194 रन बना लिए और मैच जीत लिया। विराट कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 105 रन बनाए और अपने आईपीएल करियर का नौवां शतक लगाया। केकेआर की तरफ से कार्तिक त्यागी ने तीन विकेट लिए, जबकि सुनील नरेन को एक विकेट मिला।

आरसीबी ने हासिल किया टॉप स्थान

आरसीबी ने आईपीएल में एक और शानदार जीत दर्ज की और उनका यह छठा सबसे बड़ा सफल रन चेज रहा। उन्होंने 12 मैचों में से 8 मुकाबले जीत लिए हैं। इस जीत के साथ वे 16 अंकों और +1.053 के बेहतरीन नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, केकेआर की टीम लगातार चार जीत के बाद हार गई और आठवें स्थान पर खिसक गई। उनके पास अब 9 अंक और -0.198 का नेट रन रेट है। प्लेऑफ में पहुंचना उनके लिए अब काफी मुश्किल हो गया है।

आरसीबी की धमाकेदार पारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभलकर की। दोनों ने मिलकर 20 गेंदों में 37 रन जोड़े। इसके बाद कोहली ने देवदत्त पडिक्कल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 59 गेंदों में 92 रन की साझेदारी हुई। पडिक्कल 27 गेंदों में सात चौकों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद कोहली ने कप्तान रजत पाटीदार (11) के साथ 28 रन और टिम डेविड (2) के साथ 23 रन की साझेदारी की, जिससे टीम जीत के करीब पहुंच गई। अन्य बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भी कोहली ने पारी संभाली और 58 गेंदों में अपना नौवां आईपीएल शतक पूरा किया। उन्होंने 60 गेंदों पर 3 छक्कों और 11 चौकों की मदद से नाबाद 105 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

केकेआर की बल्लेबाज़ी पारी लड़खड़ाई

केकेआर की इस मैच में शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 48 रन तक अपने दोनों ओपनर फिन एलन (18) और कप्तान अजिंक्य रहाणे (19) के विकेट गंवा दिए।इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने कैमरून ग्रीन के साथ मिलकर पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 68 रन की साझेदारी की। कैमरून ग्रीन 24 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल थे।

फिर अंगकृष ने रिंकू सिंह के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंदों में 76 रन जोड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। रिंकू सिंह 29 गेंदों में 49 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अंगकृष ने 46 गेंदों में 71 रन बनाए। उनकी पारी में तीन छक्के और सात चौके शामिल रहे। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रासिख सलाम डार ने एक-एक विकेट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *