बलिया के नगर पंचायत रतसर में शनिवार को एनडीए सरकार के बैनर तले आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में एनडीए गठबंधन का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की राजनीतिक पकड़ कमजोर पड़ चुकी है। राजभर ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 27 सीटें भी हासिल नहीं कर पाएगी।*उन्होंने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा सत्र शुरू होने से पहले ही सपा में बड़ी टूट देखने को मिलेगी। जनता विपक्ष के बहकावे में नहीं आएगी’, राजभर का दावा ओमप्रकाश राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेता सार्वजनिक तौर पर भाजपा का विरोध करते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष की इस कथित दोहरी राजनीति को समझ चुकी है और अब उसके झांसे में आने वाली नहीं है। वहीं, उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार ने शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि 2029 तक देश और प्रदेश में कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर नहीं होगा। सरकार की योजनाओं का सभी वर्गों को मिल रहा लाभ: दानिश आजाद राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सरकार ने गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पसमांदा मुस्लिम समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए भी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि पवन सिंह ने नगर में स्टेडियम निर्माण की मांग रखी। इस पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रतसर को स्टेडियम की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का हुआ समापन, अतिथियों का जताया गया आभार कार्यक्रम के समापन पर पूर्व मंत्री नारद राय और नगर पंचायत अध्यक्ष अजय राजभर ने मंच पर मौजूद अतिथियों तथा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने की, जबकि संचालन सुनील सिंह ने किया। इस अवसर पर सुभासपा जिलाध्यक्ष सुग्रीव राजभर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, राजधारी सिंह, कौशलेंद्र गिरी, रुद्र प्रताप सिंह, विजय लक्ष्मी सिंह, रविंद्र राजभर, नित्यानंद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। Post navigation भारत-पाक शांति पत्र: पूर्व रॉ चीफ ए.एस. दुलत ने भी किए दस्तखत