फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों के एक अहम मामले में दिल्ली की एक अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। सोमवार, 13 जुलाई 2026 को कड़कड़डूमा कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन और चार अन्य लोगों को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में दोषी ठहराया है। फैसला सुनते ही ताहिर हुसैन कोर्ट रूम में रो पड़े।

किन धाराओं में ठहराया गया दोषी?

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह की अदालत ने यह फैसला सुनाया। ताहिर हुसैन को हत्या (धारा 302), अपहरण (धारा 365), दंगा फैलाने (धारा 147 और 148), अवैध रूप से इकट्ठा होने (धारा 149) और दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने (धारा 153A) सहित कई गंभीर मामलों में दोषी पाया गया है। हालांकि, अदालत ने उन्हें आपराधिक साजिश (धारा 120B) के आरोप से बरी कर दिया है।

​ताहिर हुसैन के अलावा अदालत ने जावेद, अनस, नाजिम और कासिम को भी इस हत्याकांड में दोषी करार दिया है। वहीं, सबूतों के अभाव में 6 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया है। सजा का ऐलान अदालत द्वारा अगली सुनवाई में किया जाएगा।

क्या था पूरा मामला?

​यह मामला 25 फरवरी 2020 का है। 26 वर्षीय आईबी अधिकारी अंकित शर्मा ड्यूटी से घर लौटने के बाद कुछ सामान लेने बाहर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। उनके पिता रवींद्र कुमार की शिकायत पर दयालपुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। परिवार और स्थानीय लोगों की तलाश के बाद अंकित का शव चांद बाग पुलिया के पास खजूरी खास नाले से बरामद हुआ था।

​पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह खौफनाक खुलासा हुआ था कि उनके शरीर पर धारदार हथियारों और भारी वस्तुओं से हमले के 51 निशान थे। अंकित के पिता ने आरोप लगाया था कि ताहिर हुसैन के कार्यालय में जमा हुई भीड़ ने इस क्रूर हत्याकांड को अंजाम दिया था और शव को नाले में फेंक दिया था।

परिवार ने की कड़ी सजा की मांग

अदालत का फैसला आने के बाद अंकित शर्मा के भाई अंकुर शर्मा ने मांग की है कि उनके भाई के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा (फांसी) दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा रुख शुरू से साफ था कि हमें न्याय चाहिए। हम चाहते हैं कि ऐसा उदाहरण पेश किया जाए ताकि भविष्य में कोई और परिवार अपना बेटा या भाई इस तरह से न खोए”।

​इस मामले ने 2020 के दिल्ली दंगों की भयावहता को एक बार फिर से लोगों के सामने ला दिया है, जिसमें 53 लोगों की जान चली गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *