सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट: चंडीगढ़ हमले में इस्तेमाल हुआ पाकिस्तानी GHD2P ग्रेनेड

चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी मुख्यालय के बाहर हुए लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट मामले में जांच तेज हो गई है। घटना के बाद सामने आए नए सीसीटीवी वीडियो ने पूरे मामले में कई अहम सुराग दिए हैं। फुटेज में हमलावर वारदात से कुछ मिनट पहले आसपास मंडराते और फिर हमला कर फरार होते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सामने आए वीडियो में एक संदिग्ध व्यक्ति ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे बीजेपी दफ्तर की ओर फेंकता नजर आ रहा है। हमला करने के बाद आरोपी तेजी से मौके से भाग जाता है। एक अन्य फुटेज में दो हमलावर सड़क पार करते हुए फरार होते दिखते हैं। पुलिस इन वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

हमले के बाद अलर्ट, जांच तेज

घटना के बाद से चंडीगढ़ पुलिस और सीएफएसएल की टीमें मौके पर डटी हुई हैं। आसपास की इमारतों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की गतिविधियों का पूरा ट्रैक मिल सके। बताया जा रहा है कि आरोपी जिस रास्ते से फरार हुए, वह सीधा पंजाब के मोहाली जिले के नयागांव की ओर जाता है, जिससे जांच का दायरा और बढ़ गया है।

GHD2P ग्रेनेड का इस्तेमाल, विदेशी कनेक्शन की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले में GHD2P ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बनाए जाते हैं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल की भी गहराई से जांच कर रही हैं कि यह ग्रेनेड हमलावरों तक कैसे पहुंचा। इस खुलासे के बाद मामले को और गंभीरता से लिया जा रहा है।

शाम 5 बजे हुआ धमाका, इलाके में मचा हड़कंप

यह धमाका गुरुवार शाम करीब 5 बजे हुआ, जिसकी तेज आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। ब्लास्ट बीजेपी ऑफिस के बाहर पार्किंग में खड़ी एक स्कूटी के पास हुआ, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान या हताहत नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *