UP में आग उगलती गर्मी! बांदा सबसे गर्म, कानपुर में 56 साल का रिकॉर्ड टूटा

उत्तर भारत इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जहां कई शहरों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां रविवार को 46.6°C तापमान दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यहां पारा 47.7°C तक पहुंच गया था। वहीं कानपुर में अप्रैल महीने की गर्मी ने 56 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जहां अधिकतम तापमान 44.1°C दर्ज हुआ।

बांदा में लू का कहर, 50°C तक पहुंचने के आसार

बांदा में सूरज की तपिश इतनी तेज रही कि लोगों को वास्तविक तापमान से भी ज्यादा गर्मी महसूस हुई। सुबह 11 बजे से ही पारा तेजी से चढ़ना शुरू हुआ और दोपहर तक 46°C के पार पहुंच गया। शाम होते-होते तापमान 47°C के करीब दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में यहां तापमान 50°C तक पहुंच सकता है। लू के तेज थपेड़ों के कारण दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान रहीं और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। नमी का स्तर गिरकर करीब 30% तक पहुंचने से गर्मी का असर और भी ज्यादा बढ़ गया।

कानपुर में टूटा रिकॉर्ड, प्रयागराज भी टॉप-3 में शामिल

कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल में इतना अधिक तापमान पिछले 56 वर्षों में कभी दर्ज नहीं हुआ था। मौसम विभाग के अधिकारी अजय मिश्रा ने भी इसकी पुष्टि की है।
वहीं प्रयागराज 45.7°C के साथ देश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।

देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। जहां उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में 27 अप्रैल से 2 मई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *