दूध के बाद अब सफर भी महंगा, मुंबई में ₹2 महंगी हुई गैस

सफर भी महंगा : मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में रहने वाले लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सीएनजी की कीमतों में ₹2 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। नई दर लागू होने के बाद अब मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई समेत पूरे MMR में CNG ₹84 प्रति किलोग्राम मिलेगी। इससे पहले इसकी कीमत ₹82 प्रति किलो थी।

कंपनी के मुताबिक, बढ़ती इनपुट कॉस्ट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में उछाल के चलते यह फैसला लिया गया है। MGL ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और रुपये में गिरावट के कारण गैस खरीदने की लागत लगातार बढ़ रही है।

ऑटो और टैक्सी चालकों पर बढ़ा दबाव

CNG महंगी होने के बाद ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों की चिंता बढ़ गई है। यूनियनों ने किराए में बढ़ोतरी की मांग तेज कर दी है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों से ड्राइवरों की आमदनी प्रभावित हो रही है।

ऑटो यूनियनों ने बेस किराए में कम से कम ₹1 बढ़ाने की मांग की है। MMR में करीब 1.28 मिलियन वाहन CNG पर चलते हैं, जिनमें लगभग 5 लाख ऑटो-रिक्शा और 1.6 लाख से अधिक टैक्सियां शामिल हैं। रिक्शा चालकों का कहना है कि अब ऑटो चलाने का खर्च ₹18 प्रति किलोमीटर से ज्यादा हो गया है।

MGL बोली- पेट्रोल और डीजल से अब भी सस्ती

हालांकि, MGL का दावा है कि बढ़ी हुई कीमतों के बावजूद CNG अब भी पेट्रोल और डीजल की तुलना में किफायती विकल्प बनी हुई है। कंपनी के एक अधिकारी के अनुसार, नई दर पर भी CNG इस्तेमाल करने वालों को पेट्रोल के मुकाबले लगभग 44% और डीजल के मुकाबले करीब 7% तक की बचत हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *