पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्षसुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई ने मंगलवार सुबह वाराणसी पुलिस लाइन के पास से कोयला कारोबारी विनय राय उर्फ पमपम को गिरफ्तार कर लिया। विनय गाजीपुर के जमानिया कोतवाली क्षेत्र स्थित मतसा गांव का निवासी है और धनबाद में रहकर कोयले का कारोबार करता था। सीबीआई के अनुसार, उसके खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सीबीआई ने आरोपी विनय राय को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर एजेंसी को सौंप दिया गया। इसके बाद सीबीआई टीम उसे पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई। इस हत्याकांड में पूर्वांचल से यह तीसरी गिरफ्तारी मानी जा रही है। इससे पहले बलिया निवासी राज सिंह और रसड़ा के राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसी की टीम बीते एक सप्ताह से गाजीपुर, बलिया और वाराणसी में लगातार दबिश दे रही थी। सीबीआई का दावा है कि चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में शूटर उपलब्ध कराने, फंडिंग करने और हथियारों की व्यवस्था कराने में विनय राय की अहम भूमिका रही। जांच के दौरान पूर्वांचल, बिहार और झारखंड के नौ संदिग्ध युवकों की पहचान की गई थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने विनय राय और गाजीपुर निवासी संजय राय के नाम का खुलासा किया था। सीबीआई के मुताबिक, धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े विनय राय ने झारखंड में रहते हुए हत्या की साजिश रची थी। शूटर राजकुमार सिंह की गिरफ्तारी के बाद से ही एजेंसी उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मतसा गांव से फरार होने के बाद उसके वाराणसी कैंट क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद सीबीआई टीम ने छापेमारी कर पुलिस लाइन के पास से उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि वह रेलवे स्टेशन की ओर भागने की कोशिश में था। फिलहाल सीबीआई उससे कस्टडी रिमांड पर पूछताछ कर रही है। 6 मई को अंजाम दी गई थी हत्या, बलिया के शूटर ने बरसाई थीं गोलियां पश्चिम बंगाल में 6 मई 2026 को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कार से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें चंद्रनाथ रथ को पेट और सीने में तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। सीबीआई जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर बलिया का रहने वाला राजकुमार सिंह था। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है। आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया, 21 मई शाम छह बजे तक कोर्ट में पेशी के निर्देश कोलकाता में सीबीआई थाने में दर्ज चर्चित हत्या मामले की जांच के दौरान विनय राय का नाम जांच के दायरे में आया। जांच एजेंसी को उसके खिलाफ अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर लोकेशन ट्रैक कर सीबीआई टीम ने वाराणसी में छापेमारी की। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को कैंट थाने लाई, जहां स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे कचहरी स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने ट्रांजिट रिमांड की मांग करते हुए अदालत को बताया कि मामले में पूछताछ के लिए आरोपी को कोलकाता ले जाना आवश्यक है। अदालत ने आवेदन मंजूर करते हुए आदेश दिया कि आरोपी को 21 मई की शाम छह बजे तक संबंधित अदालत में पेश किया जाए। Post navigation Dharmapuri Arvind का बड़ा दावा, बोले- A. Revanth Reddy बनेंगे अगले Suvendu Adhikari IIM Graduate का दावा- नौकरी के लिए Delhi शिफ्ट हुई, पहुंचने पर नहीं मिला ऑफिस; relocation में खर्च किए ₹75,000