PBKS vs GT: कूपर कोनोली का धमाकेदार डेब्यू, पंजाब की जीत के बने हीरोPBKS vs GT: कूपर कोनोली का धमाकेदार डेब्यू, पंजाब की जीत के बने हीरो

पंजाब किंग्स ने कूपर कोनोली की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात टाइटंस को तीन विकेट से हरा दिया। गुजरात ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 162 रन बनाए। जवाब में पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम मुश्किल में आ गई। डेब्यू मैच खेल रहे कोनोली ने नाबाद अर्धशतक लगाया और एक छोर संभाले रखा। उनकी समझदारी भरी पारी से पंजाब ने 19.1 ओवर में 165 रन बनाकर मैच जीत लिया और सीजन की जीत से शुरुआत की।

अंत तक डटे रहे कूपर कोनोली बने जीत के हीरो

पंजाब ने आईपीएल 2026 की शुरुआत जीत के साथ की। इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय कूपर कोनोली को जाता है, जो अंत तक टिके रहे। उन्होंने 44 गेंदों में 72 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे। प्रभसिमरन सिंह ने भी 37 रन बनाए। गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट लिए, जबकि कगिसो रबाडा, अशोक, राशिद खान और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला।

कोनोली–प्रभसिमरन की शानदार साझेदारी से पंजाब को जीत

लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को शुरुआत में ही झटका लगा और प्रियांश आर्या सात रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कूपर कोनोली और प्रभसिमरन सिंह ने 76 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। राशिद खान ने प्रभसिमरन को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। हल्की बारिश के कारण पंजाब ने तेज बल्लेबाजी की। श्रेयस ने भी दो छक्के लगाए, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने लगातार विकेट लेकर मैच पलटने की कोशिश की। फिर भी कोनोली अंत तक टिके रहे और टीम को जीत दिलाई। जेवियर बार्टलेट 11 रन बनाकर नाबाद रहे।

अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं बना सका गुजरात

पंजाब ने टॉस जीतकर गुजरात को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। गुजरात की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम इस लय को ज्यादा देर तक नहीं रख सकी। युजवेंद्र चहल ने बीच के ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर दबाव बनाया। विजयकुमार विशाक ने भी बढ़िया गेंदबाजी की, जिससे गुजरात बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। कप्तान शुभमन गिल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए, जबकि जोस बटलर ने 33 गेंदों में 38 रन जोड़े। इन पारियों के बावजूद टीम 20 ओवर में सिर्फ 162 रन ही बना सकी।

अर्शदीप का सबसे लंबा ओवर बना चर्चा का विषय

पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया। वह आईपीएल में सबसे लंबा ओवर डालने वाले गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए। आखिरी ओवर में उन्होंने 11 गेंदें फेंकी, क्योंकि चार वाइड और एक नो बॉल डाली। इससे पहले मोहम्मद सिराज, तुषार देशपांडे, शार्दुल ठाकुर, संदीप शर्मा और हार्दिक पांड्या भी एक ओवर में 11 गेंदें फेंक चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *