बलिया में खेत विवाद बना जानलेवा : बुजुर्ग को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

बलिया के रेवती थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 65 वर्षीय बुजुर्ग श्रीराम पांडेय की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी दक्षिणी कृपा शंकर और सीओ बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मक्का उखाड़ने को लेकर हुआ था विवाद

मृतक के भतीजे योगेश पांडेय के अनुसार, दो दिन पहले श्रीराम पांडेय ने नशे की हालत में पड़ोसी भृगुनाथ सिंह के बटाई वाले खेत से कुछ मक्का उखाड़ दिया था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अगले दिन भृगुनाथ सिंह ने घर आकर धमकी दी थी कि वह श्रीराम पांडेय को नहीं छोड़ेंगे।

परिजनों का आरोप है कि रात में भृगुनाथ सिंह और उनके दोनों बेटों ने श्रीराम पांडेय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत, आरोपी हिरासत में

शुक्रवार सुबह श्रीराम पांडेय अपने घर से कुछ दूरी पर घायल अवस्था में मिले। परिजन उन्हें खटिया पर लादकर घर लाए और 112 पर कॉल किया, लेकिन खेत में घर होने के कारण मदद पहुंचने में देर हुई। अस्पताल ले जाते समय सुबह करीब 7:30 बजे उनकी मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में मक्का तोड़ने को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *