प्रसिद्ध कृष्णा की आखिरी ओवर में बेहतरीन गेंदबाजी और डेविड मिलर की एक चूक की बदौलत गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2026 के मैच में दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से मात दी। रनों के लिहाज से यह गुजरात की आईपीएल इतिहास में सबसे करीबी जीत रही। इस जीत के साथ गुजरात ने मौजूदा सीजन में अपना खाता खोला, जबकि तीन मैचों में दिल्ली को पहली बार हार का सामना करना पड़ा। अंक तालिका की स्थिति दिल्ली ने अपने पहले दो मुकाबलों में लखनऊ सुपर जाएंट्स और मुंबई इंडियंस को छह-छह विकेट से हराया था। फिलहाल दिल्ली अंक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज है। दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस ने अपने शुरुआती दोनों मैच पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गंवाए थे, लेकिन अब इस टीम ने जीत हासिल कर अपना खाता खोल लिया है और अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराया। बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी। इस बेहद रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के बीच आखिरी ओवर तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच का नतीजा सिर्फ एक रन से तय हुआ, लेकिन असली मोड़ 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आया, जब प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर डेविड मिलर ने रन लेने से इनकार कर दिया। गुजरात की रोमांचक जीत यह गुजरात की आईपीएल में रनों के अंतर से सबसे करीबी जीत बन गई है। इससे पहले टीम की सबसे कम अंतर से जीत 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ छह रन की थी, लेकिन अब इस नए परिणाम ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा, 2023 में गुजरात ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को सात रन से हराया था, जबकि 2022 में टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आठ रन और उसी साल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 रन से जीत हासिल की थी। एक रन से सबसे ज्यादा मैच हारने वाली दिल्ली दिल्ली की टीम के लिए आईपीएल में एक रन से हार नई बात नहीं है। यह चौथा मौका है जब उसे इतने करीबी अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी है। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स को 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स, 2016 में गुजरात लायंस और 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ एक रन से हार मिली थी। आईपीएल इतिहास में दिल्ली के अलावा किसी भी टीम ने इतने मैच एक रन के अंतर से नहीं गंवाए हैं। Post navigation KKR vs PBKS मैच बारिश से रद्द—क्या फैंस को मिलेगा टिकट का पैसा वापस? KKR vs LSG: कौन हैं मुकुल चौधरी? संघर्ष से IPL तक का सफर