आयरलैंड ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर रोमांचक मुकाबले में भारत को दूसरे टी20 मैच में एक रन से मात दी। इस जीत के साथ आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत का 2-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने भारत के खिलाफ कोई टी20 सीरीज अपने नाम की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 154 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर में नौ विकेट पर 153 रन ही बना सकी और जीत से एक रन दूर रह गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह भारत की पहली टी20 सीरीज थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। टी20 में जीत का सिलसिला हुआ खत्म भारत ने अगस्त 2023 के बाद से अब तक कम से कम दो मैचों वाली कोई भी टी20 सीरीज नहीं गंवाई थी। 18 अगस्त 2023 से 31 जनवरी 2026 तक भारत द्विपक्षीय टी20 सीरीज में अजेय रहा था। हालांकि, आयरलैंड ने टी20 विश्व चैंपियन भारत के इस शानदार अभियान पर विराम लगा दिया। इसके साथ ही भारत की लगातार 16 टी20 सीरीज जीतने का सिलसिला भी थम गया। वहीं, लगातार दूसरे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर निराशाजनक रही। जय मूंदड़ा का बल्ला जमकर बोला आयरलैंड की ओर से भारतीय मूल के तेज गेंदबाज Jay Mundra ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को भी बोल्ड कर भारत को बड़ा झटका दिया। शुरुआत में ही तीन अहम विकेट गिरने से भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ गया। इसी दबाव में ईशान किशन तेज रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए। आयरलैंड के खिलाफ यह पहला मौका था जब भारत ने पावरप्ले के दौरान ही चार विकेट गंवा दिए। भारतीय टीम ने शुरुआती छह ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए, जो आयरलैंड के खिलाफ पावरप्ले में उसका दूसरा सबसे कम स्कोर है। तिलक के अर्धशतक ने जगाई उम्मीद लगातार विकेट गिरने के बीच तिलक वर्मा ने एक छोर संभालते हुए भारतीय पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की। इसी दौरान बारिश के कारण मुकाबले को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। हालांकि, खेल दोबारा शुरू होने पर ओवरों में कोई कटौती नहीं की गई, लेकिन भारतीय बल्लेबाजी की मुश्किलें कम नहीं हुईं। तिलक नेअक्षर पटेल के साथ 39 रन की साझेदारी की, जो भारतीय पारी की सबसे बड़ी साझेदारी साबित हुई। बारिश के बाद खेल शुरू होने पर अक्षर अपना विकेट गंवा बैठे और 74 रन के स्कोर तक भारत के पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद तिलक ने रन गति बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाली और कुछ आकर्षक शॉट लगाए। शिवम दुबे ने भी तेजी से रन बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। तिलक ने 45 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। उन्होंने 46 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 55 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। हर्षित की जुझारू पारी रही बेकार तिलक वर्मा के आउट होने के बाद अपना डेब्यू मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और जल्द ही पवेलियन लौट गए। उस समय तक मुकाबला पूरी तरह भारत की पकड़ से बाहर जाता नजर आ रहा था, लेकिन हर्षित राणा ने आखिरी ओवर में मैच का पासा पलटने की कोशिश की। आयरलैंड ने अंतिम ओवर की जिम्मेदारी हैरी टेक्टर को सौंपी। भारत को जीत के लिए छह गेंदों में 20 रन की जरूरत थी। पहली गेंद वाइड रही, जबकि अगली गेंद पर अर्शदीप सिंह ने एक रन लेकर हर्षित को स्ट्राइक दे दी। इसके बाद हर्षित ने अगली गेंद पर दो रन बटोरे, लेकिन यह गेंद नो-बॉल निकली। फ्री-हिट का फायदा उठाते हुए उन्होंने चौका जड़ दिया। अगली गेंद पर हर्षित ने एक रन लिया और स्ट्राइक फिर अर्शदीप के पास पहुंच गई। टेक्टर ने इसके बाद एक और वाइड गेंद फेंकी और अगली गेंद पर अर्शदीप ने एक रन लिया। पांचवीं गेंद फुलटॉस थी, जिस पर हर्षित ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन वह बाउंड्री लाइन पर कैच आउट हो गए। अंतिम गेंद पर भारत को जीत के लिए आठ रन चाहिए थे। प्रिंस यादव ने छक्का जरूर लगाया, लेकिन टीम लक्ष्य से एक रन पीछे रह गई और आयरलैंड ने रोमांचक मुकाबला एक रन से अपने नाम कर लिया। शुरुआती विकेट गिरने के बाद टेक्टर ने मोर्चा संभाला इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। आयरलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने 48 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद हैरी टेक्टर और बेंजामिन कैलिट्ज़ ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 65 रन की अहम साझेदारी की। हालांकि, शिवम दुबे ने इस साझेदारी को तोड़ते हुए लगातार दो गेंदों पर दो विकेट चटकाए, जिससे आयरलैंड की टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ने का मौका गंवा बैठी। इसके बावजूद टेक्टर ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को सम्मानजनक और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। आयरलैंड की ओर से टेक्टर ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए, जबकि बेंजामिन क्लेटिज ने 37 रन का योगदान दिया। Post navigation IND W vs AUS W: आज ऑस्ट्रेलिया से होगी भारत की अग्निपरीक्षा, जीत दिलाएगी सेमीफाइनल का टिकट IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को मौका न देना पड़ा भारी? आयरलैंड से हार के बाद उठे सवाल