IND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को मौका न देना पड़ा भारी? आयरलैंड से हार के बाद उठे सवालIND vs IRE: वैभव सूर्यवंशी को मौका न देना पड़ा भारी? आयरलैंड से हार के बाद उठे सवाल

पूर्व भारतीय विकेटकीपर सैयद किरमानी का मानना है कि चयनकर्ताओं ने युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर रखकर एक बड़ा अवसर गंवा दिया। उनका कहना है कि अब बुधवार से शुरू होने वाली इंग्लैंड के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज में इस युवा खिलाड़ी को पूरा समर्थन और पर्याप्त मौके मिलने चाहिए। भारत को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम एक जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में मैदान पर उतरेगी।

आखिर वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला मौका? हार के बाद उठे सवाल

माना जा रहा था कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में सीनियर टीम के लिए पदार्पण करने का मौका मिलेगा, लेकिन 15 वर्षीय यह बल्लेबाज दोनों मुकाबलों में अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं बन सका। पहले टी20 मैच के टॉस के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा था कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, लेकिन टीम प्रबंधन फिलहाल अपनी मुख्य टीम के साथ मैदान पर उतरना चाहता है। उन्होंने यह भी भरोसा जताया था कि सही समय आने पर वैभव को अवसर जरूर मिलेगा।

हालांकि, सीरीज में हार के बाद पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने भी राय दी थी कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ खेलने का मौका मिलना चाहिए था। अब 1983 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य और पूर्व विकेटकीपर सैयद किरमानी ने भी इस युवा बल्लेबाज को मौका नहीं दिए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

ट्रेलर से बढ़ी उम्मीदें, फिल्म में नहीं दिखे ये चेहरे

सैयद किरमानी ने आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे गलत करार दिया और टीम प्रबंधन से इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें मौका देने की अपील की। किरमानी ने कहा- आयरलैंड के खिलाफ उन्हें मौका नहीं देना एक चूक थी। पहले मुकाबले में हार के बाद भी जब दूसरे टी20 में उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया, तो मुझे काफी आश्चर्य हुआ और इसका नतीजा सभी ने देखा।

उन्होंने आगे कहा,  हमें उन्हें पूरे समय ड्रेसिंग रूम में बैठाकर रखने के बजाय प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का साहस दिखाना चाहिए था। वह एक असाधारण प्रतिभा और दर्शकों का मनोरंजन करने वाले खिलाड़ी हैं। मैं तो खास तौर पर उन्हें देखने के लिए क्रिकेट देखता हूं।

किरमानी ने यह भी कहा कि प्रसारक इस सीरीज के प्रचार में भी वैभव के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, हम उन्हें ट्रेलर में तो देख रहे हैं, लेकिन मुख्य फिल्म में नहीं। आखिर यह कैसी स्थिति है?

वैभव सूर्यवंशी को किसी भी नंबर पर खिलाने की सलाह

पूर्व भारतीय स्पिनर मनिंदर सिंह ने भी सैयद किरमानी की राय से सहमति जताते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के हकदार हैं, चाहे उन्हें किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर उतारा जाए।

मनिंदर ने कहा, आपको सूर्यवंशी के लिए टीम में जगह बनानी ही होगी। अगर वह ओपनिंग नहीं कर सकते, तो उन्हें नंबर तीन या नंबर चार पर मौका दें, या फिर किसी भी स्थान पर खिलाएं। वह अपने स्वाभाविक अंदाज में ही बल्लेबाजी करेंगे। हमारी रणनीति में कहीं न कहीं कमी रह गई।

उन्होंने आगे कहा, अगर आपके पास सूर्यवंशी जैसा आक्रामक बल्लेबाज है, तो आपको उन्हें टीम संयोजन में शामिल करने का तरीका निकालना होगा। उनके पास ऐसा आत्मविश्वास और रवैया है कि वह किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर उतरकर अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकते हैं। भारतीय टीम प्रबंधन की सबसे बड़ी चूक यह रही कि उन्होंने उन्हें सिर्फ एक सलामी बल्लेबाज के रूप में देखा।

मनिंदर का मानना है कि इंग्लैंड के खिलाफ भी सूर्यवंशी को मौका नहीं देना टीम प्रबंधन के लिए एक बेहद कठोर फैसला होगा। उनके अनुसार, सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक बल्लेबाज किसी भी गेंदबाज की लाइन और लेंथ को बिगाड़ सकते हैं, जिससे गेंदबाज अपनी तय रणनीति से भटक जाता है और बल्लेबाज के अनुकूल गेंदें डालने पर मजबूर हो जाता है।

सबा करीम ने टीम प्रबंधन के फैसले का किया बचाव

दूसरी ओर, पूर्व चयनकर्ता और विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम की राय इससे अलग रही। उन्होंने टीम प्रबंधन के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि वैभव सूर्यवंशी को जल्द ही इस सीरीज में पदार्पण का मौका मिल सकता है।

सबा करीम ने कहा, भारतीय टीम प्रबंधन ने उनके डेब्यू को लेकर निश्चित तौर पर कोई स्पष्ट रणनीति तैयार की होगी। मुझे नहीं लगता कि आयरलैंड के खिलाफ उन्हें मौका नहीं देना कोई गलत फैसला था। मुझे पूरा भरोसा है कि हम जल्द ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते हुए देखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *