MI vs KKR: 2012 के बाद मुंबई की जीतMI vs KKR: 2012 के बाद मुंबई की जीत

रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की शानदार पारियों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 13 साल से ओपनिंग मैच में चली आ रही हार का सिलसिला खत्म किया। इससे पहले टीम ने 2012 में सीजन का पहला मुकाबला जीता था। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की मदद से 220 रन बनाए, जिसे मुंबई ने आसानी से हासिल कर लिया।

रोहित शर्मा–रिकेल्टन की साझेदारी से जीत की मजबूत शुरुआत

221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े। रोहित 78 रन बनाकर आउट हुए, उन्होंने 38 गेंदों में छह चौके और छह छक्के लगाए और 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जो उनका सबसे तेज आईपीएल फिफ्टी रहा। यह उनका 50वां अर्धशतक भी था। रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने उपयोगी योगदान दिया।
रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने 148 रन की साझेदारी कर मुंबई इंडियंस के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी बनाई। इससे पहले रोहित–हर्शल गिब्स (167*) और ड्वेन स्मिथ–सचिन तेंदुलकर (163*) की बड़ी साझेदारियां हो चुकी हैं।

अजिंक्य रहाणे–एलन की साझेदारी से केकेआर की मजबूत शुरुआत

केकेआर ने पहले बल्लेबाजी की। फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने जोरदार शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 69 रन जोड़े। एलन ने 17 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्के लगाकर 37 रन बनाए और आउट हो गए।

इसके बाद रहाणे और ग्रीन ने 21 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम का स्कोर 109 तक पहुँचाया। ग्रीन 10 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। फिर रहाणे ने अंगकृष रघुवंशी के साथ 36 रन की साझेदारी की। रहाणे ने 40 गेंदों में 5 छक्के और 3 चौके लगाकर 67 रन बनाए और आउट हुए।

रघुवंशी ने बनाया अर्धशतक

रहाणे के आउट होने के बाद रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी संभाली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों में 60 रन जोड़कर टीम का स्कोर 205 तक पहुँचाया। इसी स्कोर पर रघुवंशी 29 गेंद में 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। रिंकू सिंह ने 21 गेंद में 4 चौके लगाए और 33 रन बनाकर नाबाद रहे। रमनदीप सिंह ने 4 रन बनाकर टीम का अंत किया। एमआई की ओर से शार्दुल ठाकुर ने तीन विकेट लिए, जबकि हार्दिक पांड्या को एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *