‘टच बडी’ रिलीज होते ही छाया इंटरनेट पर, पवन सिंह का भोजपुरी स्वैग सब पर भारी

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अपनी आने वाली फिल्म डकैत के गाने ‘टच बडी’ के प्रमोशन के लिए गोरखपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म, गाने और अपने सफर से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। फिल्म में आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

गाने ‘टच बडी’ को मिले मिले-जुले रिएक्शन

‘टच बडी’ गाने को जोनिता गांधी और पवन सिंह ने मिलकर गाया है। इस गाने में भोजपुरी म्यूजिक और साउथ स्टाइल का फ्यूजन देखने को मिलता है। रिलीज के बाद गाने को लगभग 14 लाख व्यूज मिल चुके हैं। हालांकि, जहां कुछ लोगों ने गाने को पसंद किया, वहीं सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे बोरिंग बताते हुए निगेटिव कमेंट भी किए।

पवन सिंह ने बताया कि फिल्म को पहले तमिल में शूट किया गया था और बाद में हिंदी में डब किया गया। इस पूरी फिल्म को बनने में करीब 149 दिन लगे। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार कहानी सुनी, तो उन्हें यह काफी पसंद आई थी।

भोजपुरी इंडस्ट्री पर क्या बोले पवन सिंह

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन सिंह ने भोजपुरी इंडस्ट्री में अश्लीलता के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि अश्लीलता सिर्फ भोजपुरी में ही नहीं, बल्कि हर इंडस्ट्री में मौजूद है, लेकिन इसमें सुधार की जरूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि भोजपुरी सिनेमा आगे बढ़े और लोग इसे सम्मान के साथ देखें। फिल्मों में भोजपुरी संस्कृति और असली पहचान को दिखाना जरूरी है।

संघर्ष के दिनों को किया याद

पवन सिंह ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब वह अपने गांव से सिर्फ 100 रुपये लेकर निकले थे। उस समय उन्हें लगता था कि यही उनकी पूरी दुनिया है।

उन्होंने कहा कि एक कलाकार के लिए सबसे बड़ी चीज लोगों का प्यार होता है। पैसा मिले या न मिले, लेकिन जब फैंस का प्यार मिलता है, तो दिल और बड़ा हो जाता है।

बताते चलें कि डकैत अब 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में अनुराग कश्यप भी एक खास भूमिका में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *